Blogउत्तराखंडएक्शनजन जागरूक कार्यक्रमजागरूक गोष्ठी/सम्मेलनदेशयूथराजनीति

Special revision of voter list in Uttarakhand from November, final publication will be on January

उत्तराखंड में 12 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण, 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन।

# The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

## उत्तराखंड में 12 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण, 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

 

**देहरादून।**

 

उत्तराखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR) की शुरुआत 12 नवंबर से होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जबकि 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 23 अक्टूबर से प्रदेश के सभी जनपदों में ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच शुरू होगी। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

### 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे-आपत्तियां

 

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। वहीं, 28 दिसंबर 2026 तक दावे-आपत्तियों का निस्तारण और सुनवाई की जाएगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

### विशेष अभियान में मिले एक लाख से अधिक फॉर्म-6

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 12 से 20 अक्टूबर तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान फॉर्म-6 के कुल 1,00,744 आवेदन प्राप्त हुए हैं। फॉर्म-6 के माध्यम से पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करते हैं।

 

### फॉर्म-7 आवेदन की संख्या भी निर्धारित

 

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फॉर्म-7 आवेदन से जुड़े प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि दावे और आपत्तियों की अवधि के दौरान कोई मतदाता आक्षेपकर्ता के रूप में अधिकतम 10 फॉर्म-7 आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। वहीं, मतदाता सूची के सतत अद्यतन की अवधि में कोई व्यक्तिगत मतदाता प्रति माह अधिकतम पांच फॉर्म-7 आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भाजपा के राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस के अमेंद्र बिष्ट, बसपा के सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी के श्याम बाबू पांडेय और माकपा के अनंत आकाश उपस्थित रहे।

 

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button