
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
व्यापारियों की समस्याओं पर सीएम धामी का भरोसा—“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”
हल्द्वानी/उत्तराखंड _
राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईटीसी फॉर्च्यून, हल्द्वानी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

संवाद के दौरान व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, मंडी शुल्क, अतिक्रमण एवं पार्किंग, लीज नवीनीकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय उत्पादों के लिए बेहतर बाजार और युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन सहित कई मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्यमी तक प्रदेश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यावसायिक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कोविड काल को याद करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी किराना और रिटेल व्यापारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों तक राशन और जरूरी सामान पहुंचाया। व्यापारी वर्ग ने संकट के समय समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाकर देश और प्रदेश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को “ब्रांड इंडिया के सच्चे राजदूत” बताया।

26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं सिंगल विंडो पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सरल और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “निवेश मित्र” की व्यवस्था की गई है। सिंगल विंडो सिस्टम को भी मजबूत किया गया है और वर्तमान में 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि इन्वेस्टर्स समिट के दौरान उद्योग एवं व्यापार जगत से मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 30 से अधिक नीतियां तैयार की हैं। सरकार का दावा है कि इन नीतियों के सकारात्मक परिणाम औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के रूप में सामने आ रहे हैं।
29 हजार से अधिक नई MSME इकाइयां
सीएम धामी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। सरकार की सोच है कि शासन उद्योगों के लिए बाधा नहीं, बल्कि सहयोगी और भागीदार बने।

उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड स्टार्टअप नीति लागू की गई है और 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड स्थापित किया गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी उद्योगों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्कों हेतु भूमि चिन्हित की गई है। वहीं छोटे उद्यमियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है। भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
सीएम ने कहा कि गांवों में तैयार होने वाले उत्पाद, शिल्पकार, किसान, छोटे व्यापारी और स्थानीय उद्यमी भी उत्तराखण्ड की आर्थिक विकास यात्रा के अहम भागीदार हैं।
‘मेड इन उत्तराखण्ड’ को ग्लोबल ब्रांड बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट” जैसी पहलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को बड़े बाजारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि “मेड इन उत्तराखण्ड” गुणवत्ता और विश्वास के साथ देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार में मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित हो।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर प्रमुख औद्योगिक केंद्रों के रूप में विकसित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों से प्रदेश में निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को और आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा—
“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।”
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। व्यापार एवं उद्योग जगत के सहयोग और सहभागिता से विकसित उत्तराखण्ड का संकल्प साकार होगा और प्रदेश विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में सांसद नैनीताल-ऊधमसिंह नगर अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विभिन्न दायित्वधारी, व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे सहित जीएसटी, उद्योग, सिडकुल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



