
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, एक सप्ताह में फार्म-6, 7 और 8 के निस्तारण के निर्देश
देहरादून/उत्तराखंड _
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आगामी एक सप्ताह के भीतर फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 से संबंधित मामलों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71 लाख 33 हजार मतदाताओं के सापेक्ष अनमैप्ड एवं अन्य विसंगतियों को लेकर 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से अब तक 23 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

वहीं, करीब 1 लाख 10 हजार मतदाता ऐसे हैं, जो किसी कारणवश सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे सभी मतदाताओं को पुनः सुनवाई का अवसर दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई समयबद्ध और नियमानुसार सुनिश्चित की जाए। उन्होंने फार्म-6, 7 एवं 8 के निस्तारण की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।



