Blogउत्तराखंडएक्शन

Martyr memorial and flag park inaugurated in Banbasa, CM Dhami paid tribute to the martyrs

बनबसा में शहीद स्मारक एवं झंडा पार्क का लोकार्पण, CM धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि.

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

बनबसा में शहीद स्मारक एवं झंडा पार्क का लोकार्पण, CM धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

 

बनबसा /भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा

 

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा बनबसा में शहीद स्मारक एवं झंडा पार्क का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

एसएसबी जवानों के बिगुल वादन के बीच मुख्यमंत्री सहित उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में शहीद स्मारक और विशाल तिरंगे का लोकार्पण गौरव एवं सम्मान का क्षण है। यह स्मारक देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के साहस, त्याग और बलिदान की स्मृतियों को सदैव जीवंत रखेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले जिन सीमावर्ती क्षेत्रों को देश के ‘अंतिम क्षेत्र’ के रूप में देखा जाता था, उन्हें अब देश के ‘पहले क्षेत्र’ के रूप में पहचान दी जा रही है। सैनिकों, उनके परिवारों के कल्याण और वीर शहीदों की स्मृतियों को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, “मैं स्वयं एक सैनिक का पुत्र हूं। इसलिए सैनिकों के सम्मान से जुड़े इस पावन कार्य में सहभागी बनना मेरे लिए अत्यंत भावुक और गर्व का विषय है।” उन्होंने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा कि हमारे वीर जवान कठिन और विषम परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की रक्षा के लिए डटे रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि वीर सैनिकों की भूमि है। प्रदेश के लगभग हर परिवार का किसी न किसी रूप में सेना या अर्धसैनिक बलों से जुड़ाव रहा है और उत्तराखंड के जवान राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

वीर नारियों और वीरता पदक विजेता हुए सम्मानित

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर नारियों एवं वीरता पदक विजेता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में श्रीमती सरस्वती देवी पत्नी स्व. उत्तम चन्द, श्रीमती लक्ष्मी देवी पत्नी स्व. किशन सिंह, श्रीमती कमला देवी पत्नी स्व. दुर्गादत्त, श्रीमती खीमा देवी पत्नी स्व. हयात सिंह, श्रीमती माया चन्द पत्नी स्व. ललित मोहन, श्रीमती सरस्वती देवी पत्नी स्व. जय बहादुर चन्द, श्रीमती ललिता चन्द पत्नी स्व. प्रेम चन्द, श्रीमती गीता देवी पत्नी स्व. जगदीश सिंह तथा श्रीमती पिंकी रैसवाल पत्नी स्व. राहुल रैसवाल शामिल रहीं।

इसके अलावा वीर माता श्रीमती लक्ष्मी देवी, माता स्व. खीम सिंह तथा वीरता पदक विजेता सूबेदार गोपाल दत्त शर्मा (सेना मेडल) को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

 

मुख्यमंत्री ने वीर नारियों एवं भूतपूर्व सैनिकों से संवाद किया और एसएसबी जवानों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

 

इस अवसर पर डीएम श्री मनीष कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (से.नि.), एसएसबी कमांडेंट श्री सुरेंद्र विक्रम सहित अन्य अधिकारी, सेवानिवृत्त सैनिक, वीर माताएं एवं वीर नारियां मौजूद रहीं।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button