Chief Minister reviewed the announcements, instructions to issue government order in 20 days.
मुख्यमंत्री ने की घोषणाओं की समीक्षा, 20 दिन में शासनादेश जारी करने के निर्देश.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
मुख्यमंत्री ने की घोषणाओं की समीक्षा, 20 दिन में शासनादेश जारी करने के निर्देश
देहरादून/उत्तराखंड _
पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट और बागेश्वर से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन घोषणाओं पर अभी तक शासनादेश जारी नहीं हुए हैं, उन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकतम 20 दिनों के भीतर शासनादेश जारी किए जाएं, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन समय पर शुरू हो सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सरकार के मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में आने वाली समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और विकास कार्यों में गति बनाए रखने के लिए संबंधित विधायकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।

बैठक में वन भूमि हस्तांतरण के मामलों की नियमित समीक्षा के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को पीएमजीएसवाई सड़कों के रख-रखाव के लिए समन्वय समिति गठित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण सड़कों के मेंटेनेंस की नियमित मॉनिटरिंग हो, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुगम बना रहे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी सड़कों के पैचवर्क कार्य वर्षाकाल से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। खेल अवसंरचना को बढ़ावा देने के लिए जिन स्थानों पर खेल मैदानों की भूमि उपलब्ध है, वहां 15 दिनों के भीतर धनराशि जारी करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

उन्होंने कनालीछीना से पिपली बगड़ीगांव मोटर मार्ग के चौड़ीकरण में तेजी लाने, कपकोट में पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित करने और बागेश्वर जिला अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में विधायक बिशन सिंह चुफाल, सुरेश गड़िया, पार्वती दास, फकीर राम समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



