
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
ऑपरेशन सिंदूर की वीरगाथा देश को करती रहेगी प्रेरित : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून/उत्तराखंड_
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दून सैनिक इंस्टीट्यूट, गढ़ी कैंट देहरादून में आयोजित “ऑपरेशन सिंदूर – शौर्य, सम्मान और वीरता” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश सो रहा था, तब भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।

मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि सेना के साहस, समर्पण और त्याग के कारण कोई भी दुश्मन भारत की ओर आंख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि देश की अत्याधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली ने दुश्मन के हर हमले को विफल कर दिया और एक भी मिसाइल भारतीय जमीन पर नहीं गिरने दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का सेना से विशेष भावनात्मक रिश्ता है, क्योंकि राज्य के लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में सेवाएं देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सेना को आधुनिक तकनीक और स्वदेशी हथियारों से सुसज्जित किया जा रहा है तथा भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनकर दुनिया के 80 से अधिक देशों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है।

उन्होंने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि, वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों के सम्मान राशि में बढ़ोतरी, सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा और पूर्व सैनिकों को स्टाम्प ड्यूटी में छूट जैसी कई योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत सहित कई सैन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



