CEO review meeting: Strict action on districts with slow progress, appreciation of those performing better.
सीईओ की समीक्षा बैठक: धीमी प्रगति वाले जिलों पर सख्ती, बेहतर प्रदर्शन करने वालों की सराहना.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, देहरादून-नैनीताल-ऊधमसिंह नगर की धीमी प्रगति पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नाराज
देहरादून/ उत्तराखंड_
उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में गणना फार्म वितरण की प्रगति का आकलन किया गया।

समीक्षा के दौरान देहरादून, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में गणना फार्म वितरण की धीमी गति पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित जिलाधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
वहीं, सर्वाधिक गणना फार्म वितरित करने वाले जनपदों चम्पावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के कार्यों की सराहना की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में आवासीय कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बीएलओ के साथ तैनात आईटी वॉलंटियर्स और बूथ अवेयरनेस ग्रुप की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि अभियान के तीसरे दिन दोपहर तक प्रदेश में लगभग 19 लाख मतदाताओं को गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। यह राज्य के कुल मतदाताओं का करीब 24 प्रतिशत है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।



