Blogउत्तराखंडएक्शनजागरूक गोष्ठी/सम्मेलनमनोरंजनयूथराजनीतिराष्ट्रीय

Chief Minister Dhami inaugurated the Science Museum and inaugurated the Kandoliya Mahotsav in Pauri.

पौड़ी को 110.55 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण और कंडोलिया महोत्सव का किया शुभारंभ.

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

पौड़ी को 110.55 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने विज्ञान संग्रहालय और कंडोलिया महोत्सव का किया शुभारंभ

पौड़ी गढ़वाल/उत्तराखंड_

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के दौरे के दौरान जिला मुख्यालय में डॉ. आंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 14 योजनाओं का शिलान्यास और 5 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण कर वहां विकसित विज्ञान आधारित गतिविधियों, इंटरएक्टिव मॉडलों और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे विज्ञान संग्रहालय बच्चों में जिज्ञासा, अनुसंधान की भावना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री को संग्रहालय में स्थापित वैज्ञानिक प्रदर्शनों की जानकारी भी दी।

बाद में मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा रामलीला मैदान में कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कंडोलिया महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि 110 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार हाउस ऑफ हिमालयाज, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार और होमस्टे योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। साथ ही राज्य की सनातन संस्कृति और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए यूसीसी, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।

उन्होंने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक तथा खेल अवस्थापना परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के साथ रोजगार और पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ाएंगी।

कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button