
The Aman Times
उत्तराखण्ड ब्यूरो_
खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ
दीदी कैफे का उद्घाटन, लाभार्थियों को वितरित किए गए ऋण, अनुदान और सहायक उपकरण
खटीमा/ऊधम सिंह नगर _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत सद्भावना सीएलएफ द्वारा संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही सरकार का लक्ष्य है। “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम इसी संकल्प को साकार करने का माध्यम है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। मत्स्य विभाग ने ऑर्नामेंटल फिश यूनिट निर्माण के लिए लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की। कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों को अनुदान और किसानों को रासायनिक उर्वरक वितरित किए। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने जननी सुरक्षा योजना के तहत महिलाओं को लाभान्वित किया। सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल योजना के अंतर्गत शून्य ब्याज दर पर ऋण चेक वितरित किए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



