
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी सौगात देते हुए करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया।
यह मशीन आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सीएसआर सहयोग से स्थापित की गई है।
चंपावत/उत्तराखंड से खबर हैं _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया।

यह मशीन कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से स्थापित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक चंपावत और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी सहित अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। नई एमआरआई मशीन के शुरू होने से अब मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच स्थानीय स्तर पर ही संभव होगी, जिससे समय पर उपचार मिलने के साथ मरीजों का समय, धन और परेशानी भी बचेगी।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जिला चिकित्सालय में लगभग 11.71 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।

उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 470.05 लाख रुपये की लागत से 129 बेड का आधुनिक छात्रावास तैयार हो चुका है तथा चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को निशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक अभाव किसी भी परिवार के इलाज में बाधा न बने।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



