
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
उत्तराखंड की विकास यात्रा में उद्योग जगत बने भागीदार: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून से बड़ी खबर है _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘उत्तराखण्ड सीएसआर डायलॉग’ कार्यक्रम में उद्योग जगत, केंद्रीय उपक्रमों और सीएसआर पार्टनर्स से उत्तराखंड के समग्र विकास में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत किया गया योगदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि पुण्य का कार्य भी है। उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक और पर्वतीय परिस्थितियों को देखते हुए यहां विकास की चुनौतियां अन्य राज्यों से अलग हैं। ऐसे में रोजगार, सामाजिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करना आवश्यक है, जिसमें कॉर्पोरेट जगत की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में राज्य को 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर अब तक कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम, औद्योगिक नीति, लॉजिस्टिक नीति, स्टार्टअप नीति और MSME नीति सहित 30 से अधिक नीतियां लागू कर उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया है। साथ ही स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए इनक्यूबेशन सेंटर और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और बीते वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इससे निवेशकों और उद्यमियों को पारदर्शी एवं सुगम कार्य वातावरण मिल रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि कॉर्पोरेट जगत की विशेषज्ञता और राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियां मिलकर उत्तराखंड को देश का अग्रणी “इन्वेस्टमेंट फ्रेंडली स्टेट” बनाने के साथ एक सस्टेनेबल इकोनॉमी का मॉडल भी स्थापित करेंगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, एमडी सिडकुल डॉ. सौरभ गहरवार सहित अनेक अधिकारी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
— The Aman Times



