Administration is reaching people’s doorstep through ‘People’s Government, People’s Door’ campaign: Chief Minister Dhami.
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान से प्रशासन पहुंच रहा जनता के द्वार: मुख्यमंत्री धामी.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान से प्रशासन पहुंच रहा जनता के द्वार: मुख्यमंत्री धामी
गोपेश्वर/देहरादून_
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान सरकार और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगवाना नहीं, बल्कि प्रशासन को स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में 6 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की, जबकि 60 हजार से अधिक शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। चमोली जनपद में अब तक 13 जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जहां 752 शिकायतों में से 683 का तत्काल निस्तारण किया गया तथा 2500 से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीमांत गांवों को “प्रथम गांव” के रूप में विकसित करने के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जी-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों और शीतकालीन यात्रा जैसे ऐतिहासिक आयोजन हुए हैं। राज्य में 3.75 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं, जिनमें 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर कार्य शुरू हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति प्रभावी रूप से लागू की गई है। योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

चमोली के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम, माणा और नीति क्षेत्र में मास्टर प्लान के तहत व्यापक विकास कार्य जारी हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि वर्ष 2024 से अब तक हेली एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से चमोली के 76 गंभीर मरीजों की जान बचाई गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले की 42 हजार से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और 25 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। किसान सम्मान निधि के तहत 48 हजार से अधिक किसानों को 196 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं, दीनदयाल होमस्टे योजना के तहत जिले में 872 नए होमस्टे स्थापित हुए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने बदरीनाथ मंदिर चोरी प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।



