
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बाबा केदार के दर्शन, स्वच्छ एवं नशामुक्त उत्तराखण्ड का किया आह्वान
केदारनाथ धाम/उत्तराखंड _
उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद पहली बार श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए बाबा केदार से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।

राज्यपाल ने कहा कि बाबा केदारनाथ की कृपा से उन्हें धाम में दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखण्ड को नमन करते हुए राज्यपाल के रूप में प्रदेश की सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उत्तराखण्ड को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाए रखने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड देश को संस्कार देने वाली पवित्र भूमि है। यहां की संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संजोकर रखना आवश्यक है। उन्होंने विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

इस अवसर पर श्रीमती भानुमति बिसेन, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, यात्रा मजिस्ट्रेट प्रणव पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
**The Aman Times
|



