
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो
शोध और नवाचार आधारित नीति निर्माण पर CM धामी का जोर, USCPPGG की बैठक में लिए अहम फैसले
देहरादून/उत्तराखंड _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उत्तराखण्ड स्टेट सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस (USCPPGG) की शासी निकाय की बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शोध, नवाचार और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने राज्य की उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की केस स्टडी तैयार करने तथा जनपद स्तर पर अधिकारियों के प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्तराखण्ड की विशिष्ट परिस्थितियों और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजनाओं पर काम करने को कहा।

बैठक में राज्य के प्रमुख विश्वविद्यालयों के प्रतिवर्ष 10 स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं को कैपस्टोन परियोजना के लिए स्टाइपेंड देने पर सहमति बनी। इसके माध्यम से राज्य की प्राथमिकता वाले विषयों पर शोध और परियोजनाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।

शासी निकाय के सदस्यों ने एमएसएमई को बढ़ावा देने, हाई वैल्यू-लो वॉल्यूम उत्पादों को प्रोत्साहित करने और पर्वतीय क्षेत्रों में होम टूरिज्म को बढ़ावा देने जैसे सुझाव दिए। सदस्यों ने राज्य के भावी विकास से जुड़े आठ प्रमुख सुधार क्षेत्रों पर विस्तृत शोध एवं अध्ययन कराने तथा योजनाओं की वार्षिक मॉनिटरिंग और नियमित मूल्यांकन पर भी जोर दिया।
बैठक में ‘विकसित उत्तराखण्ड-2047’ की भावी विकास रणनीति पर भी चर्चा हुई। आर्थिक विकास एवं रोजगार, मानव संसाधन, वन एवं जैव विविधता, जलवायु अनुकूलन, अवस्थापना विकास, स्थानीय स्वशासन, क्षेत्रीय विकास और तकनीक आधारित सुशासन जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘Uttarakhand at 25: A Himalayan State with Infinite Possibilities’ पुस्तक का विमोचन भी किया। पुस्तक में उत्तराखण्ड की 25 वर्षों की विकास यात्रा को समाहित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने शासी निकाय के सदस्यों के सुझावों का परीक्षण कर उपयोगी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास को गति देने के लिए शोध, नवाचार, बेहतर नीति निर्माण, क्षमता विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर निरंतर कार्य किया जाए।



