Blogउत्तराखंडएक्शनपर्यटनराजनीतिराष्ट्रीय

In Haridwar, Chief Secretary took stock of Kumbh Mela preparations and gave instructions to complete the construction work on time.

हरिद्वार में मुख्य सचिव, कुंभ मेला तैयारियों का लिया जायजा, निर्माण कार्य समय से पूरा करने के दिए निर्देश।

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का मुख्य सचिव ने लिया जायजा, निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश

हरिद्वार।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को धरातल पर परखने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रोड़ी-बेलवाला से रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर टावर तक पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला-2027 से संबंधित सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने धीमी गति से चल रही परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सड़क, पुल, पैदल मार्ग, पेयजल, स्वास्थ्य, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य समय से पूरे होना जरूरी है। निर्माण के दौरान आमजन की सुविधा, यातायात और सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

 

हरकी पैड़ी पुनर्विकास और प्रशासनिक मार्ग का निरीक्षण

 

मुख्य सचिव ने रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में UIIDB की प्रशासनिक मार्ग परियोजना तथा रोड़ी-बेलवाला और हरकी पैड़ी क्षेत्र की पुनर्विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से निर्मित परिसंपत्तियों के पांच वर्ष की अनुबंध अवधि पूरी होने के बाद उनके स्थायी रख-रखाव की जिम्मेदारी संबंधित विभाग या निकाय को सौंपने की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित की जाए।

प्रशासनिक मार्ग निर्माण के लिए 4325.14 लाख रुपये तथा हरकी पैड़ी रिवाइटलाइजेशन कार्य के लिए 6677.21 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत है।

 

मुख्य सचिव ने हाथीपुल से अलकनंदा के मध्य घाटों के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग और चेन की व्यवस्था तथा पैदल आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए।

 

सड़कों और चौराहों के कार्यों में तेजी के निर्देश

 

ऋषिकुल क्षेत्र में उन्होंने ओल्ड दिल्ली-नीतिपास मार्ग के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण के दौरान यातायात और स्थानीय आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही फुटपाथ एवं उपयुक्त स्थानों पर पौधरोपण कर हरियाली विकसित करने पर जोर दिया।

PWD के अधीन शहर की आंतरिक सड़कों के नवीनीकरण के लिए 2164.49 लाख रुपये स्वीकृत हैं। इसके अलावा शिवमूर्ति चौक, शंकर आश्रम चौक और भगत सिंह चौक से विल्केश्वर तक चौराहों के सुधार एवं फुटपाथ निर्माण के लिए 683.60 लाख रुपये की परियोजना पर कार्य चल रहा है।

 

ड्रग वेयरहाउस और पुल का भी निरीक्षण

 

रोशनाबाद में मुख्य सचिव ने 251.98 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण किया और इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

 

इसके बाद दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का निरीक्षण किया। इस परियोजना के लिए 1246.09 लाख रुपये स्वीकृत हैं।

 

मुख्य सचिव ने सीसीआर-2 भवन का भी निरीक्षण किया और कुंभ मेला शुरू होने से पहले भवन को तैयार करने के लिए कार्य में तेजी लाने तथा आवश्यकता के अनुसार दिन-रात कार्य कराने के निर्देश दिए।

डाम कोठी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

 

निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने डाम कोठी में कुंभ मेला एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागवार निर्माण कार्यों और अन्य तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त मानव संसाधन और मशीनरी उपलब्ध कराने तथा कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कुंभ मेला निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच के लिए नियुक्त टीयूवी एसयूडी साउथ एशिया प्रा. लि., क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया प्रा. लि. और ब्यूरो वेरिटास (इंडिया) प्रा. लि. के टीम लीडर्स से गुणवत्ता जांच की प्रगति की जानकारी भी ली।

 

बैठक में एनएच परियोजनाओं के कारण प्रभावित होने वाले पार्किंग स्थलों और डायवर्जन मार्गों के लिए वैकल्पिक मार्ग एवं पुलों की योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही भीड़ प्रबंधन को लेकर संभावित परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

 

मेलाधिकारी सोनिका ने मुख्य सचिव को बताया कि कुंभ मेला से संबंधित निर्माण कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं तथा प्रगति और गुणवत्ता की निरंतर बहुस्तरीय निगरानी की जा रही है।

 

इस दौरान आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button