Blogउत्तराखंडएक्शनजन जागरूक कार्यक्रमयूथराजनीति

Celebrating his birthday among the youth, CM Dhami took a ‘bouquet of three resolutions’

युवाओं के बीच जन्मदिवस मनाकर सीएम धामी ने लिया ‘तीन संकल्पों का गुलदस्ता’..

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

युवाओं के बीच जन्मदिवस मनाकर सीएम धामी ने लिया ‘तीन संकल्पों का गुलदस्ता’

 

देहरादून।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित ‘युवा संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने अपने जन्मदिवस को युवा शक्ति के बीच मनाए जाने को अपने लिए सबसे बड़ा उपहार बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है। युवाओं की आंखों में उन्हें विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का भविष्य दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

युवाओं को अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का युवा मेहनती, प्रतिभाशाली और अनुशासित है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदेश में ही उपलब्ध हों, ताकि उन्हें मजबूरी में अपना गांव और प्रदेश न छोड़ना पड़े। उन्होंने युवाओं से केवल रोजगार तलाशने वाला बनने के बजाय उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाला बनने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, नवाचार और डिजिटल सशक्तिकरण के साथ नशे और साइबर अपराध जैसी सामाजिक चुनौतियों के प्रति युवाओं को जागरूक करने में भूमिका निभाएगा।

खेल और पारदर्शी भर्ती पर जोर

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड की पहचान खेलभूमि के रूप में भी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है।

भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनती युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी युवा की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

 

नशे से दूर रहने का किया आह्वान

 

मुख्यमंत्री ने युवाओं से तकनीक और मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया पर आधी-अधूरी और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने तथा किसी भी जानकारी को तथ्यों की कसौटी पर परखने की बात कही।

 

उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे दूर रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हाथों में किताब और हुनर होना चाहिए, न कि नशा।

 

युवाओं से मांगा ‘तीन संकल्पों का गुलदस्ता’

 

जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से ‘तीन संकल्पों का गुलदस्ता’ मांगा। पहला संकल्प जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करना, दूसरा स्वयं नशे से दूर रहना और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना तथा तीसरा जीवन में सफलता हासिल करने के बाद अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ हिस्सा उत्तराखंड के विकास के लिए समर्पित करना है।

 

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, शिक्षक, उद्यमी या जनसेवक किसी भी क्षेत्र में जाएं, लेकिन एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक अवश्य बनें।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास और गणेश जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर और बृजभूषण गैरोला, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button