
The aman times
चमोली ब्यूरो_
चमोली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, अलकनंदा तट पर जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’
चमोली/उत्तराखंड _
जनसेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद चमोली में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने चमोली स्थित अलकनंदा नदी तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी दीप प्रज्ज्वलित कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। जनपद में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जनकल्याणकारी, जनजागरूकता और सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के पहले दिन नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों, नदी तटों, जलाशयों, अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर और चमोली के अलकनंदा स्नान घाट समेत विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता की।
इस दौरान लोगों ने जनसेवा, सामाजिक सहभागिता, स्वच्छता, सद्भाव और जनकल्याण के संकल्प के साथ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ जनजागरूकता, स्वच्छता, सेवा, सामाजिक सहभागिता और नवाचार से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के साथ आम नागरिकों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करना भी है।
इन गतिविधियों का होगा आयोजन
अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा कार्य’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी सेवाओं और विभिन्न पहलों के प्रति जागरूक किया जाएगा।



