
The aman times
देहरादून/उत्तराखंड ब्यूरो
जौलीग्रांट मोबाइल शॉप चोरी का दो दिन में खुलासा, डोईवाला पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
जोली ग्रांट/डोईवाला।
जौलीग्रांट के हिमालयन चौक स्थित ग्लोबल मोबाइल स्टोर में हुई चोरी का डोईवाला पुलिस ने महज दो दिन में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 18 की-पैड मोबाइल और पांच स्मार्टफोन समेत कुल 23 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। घटना में प्रयुक्त वर्ना कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को मिस्सरवाला निवासी गौरव राठौर ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने 10 सितंबर की रात हिमालयन चौक जौलीग्रांट स्थित उनकी मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर स्मार्टफोन और की-पैड मोबाइल चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और सूचना तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों का सत्यापन किया और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

इसी दौरान 18 सितंबर को सौंग नदी पुल के पास हरिद्वार-भानियावाला क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने वर्ना कार संख्या HR71F-6756 को रोककर उसमें सवार तीन युवकों की तलाशी ली। उनके पास से अलग-अलग कंपनियों के 23 मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने जौलीग्रांट स्थित मोबाइल शॉप से चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
नशे की लत और महंगे शौक के लिए चोरी का दावा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मूल रूप से खेलपुर नसरूलापुर, थाना भगवानपुर, हरिद्वार के रहने वाले हैं और वर्तमान में मोहब्बेवाला, देहरादून में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, तीनों नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत तथा अपने शौक पूरे करने के लिए उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जौलीग्रांट क्षेत्र की रैकी करने के बाद सुनसान समय में मोबाइल शॉप को निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर नए मोबाइल चोरी किए और मौके से फरार हो गए। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने घटना के दौरान अपनी वर्ना कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।

गिरफ्तार आरोपियों में एक पूर्व में भी जा चुका है जेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैफुल रहमान (22), फरीद (19) और इजहार अली (19) के रूप में हुई है। तीनों खेलपुर नसरूलापुर, थाना भगवानपुर, हरिद्वार के निवासी हैं और वर्तमान में मोहब्बेवाला, थाना क्लेमेन्टाउन, देहरादून में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी इजहार के खिलाफ थाना भगवानपुर और थाना गंगनहर रुड़की में चोरी के पूर्व के मामले दर्ज हैं और वह इन मामलों में जेल भी जा चुका है।
यह सामान हुआ बरामद
– जियो और इंटेल कंपनी के 18 की-पैड मोबाइल
– वीवो के 2 स्मार्टफोन
– टेक्नो का 1 स्मार्टफोन
– पोको का 1 स्मार्टफोन
– मोटोरोला का 1 स्मार्टफोन
– घटना में प्रयुक्त वर्ना कार HR71F-6756
बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम
कार्रवाई में चौकी प्रभारी जौलीग्रांट उपनिरीक्षक चिंतामणि मैठानी, हेड कांस्टेबल नरेंद्र रावत, कांस्टेबल सचिन राणा, दिनेश डोगरा तथा SOG देहरादून के कांस्टेबल नवनीत, सोनी कुमार और मनोज कुमार शामिल रहे।



