
The Aman Times
अल्मोड़ा/उत्तराखंड ब्यूरो_
डोल आश्रम में श्री पीठम स्थापना महोत्सव, मुख्यमंत्री धामी ने किया 1100 कन्याओं का पूजन
अल्मोड़ा से खबर हैं _
अल्मोड़ा जनपद स्थित डोल आश्रम में आयोजित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया।

इस दौरान उन्होंने 1100 कन्याओं का पूजन कर माँ राजेश्वरी का अभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थापित भव्य श्रीयंत्र और यहां संचालित विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित विश्व के सबसे बड़े श्रीयंत्र के दर्शन से एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत बाबा कल्याणदास की साधना और तपस्या के कारण डोल आश्रम आज वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का प्रमुख केंद्र बन गया है। उन्होंने बाबा कल्याणदास के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थान श्रद्धालुओं के लिए आस्था और साधना का महत्वपूर्ण केंद्र है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है और चारधाम यात्रा में हर वर्ष बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या बेहतर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का परिणाम है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




