CM Dhami paid tribute to the martyrs on Kargil Vijay Diwas.
कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी ने शहीदों को किया नमन।

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी ने शहीदों को किया नमन, परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि ₹2 करोड़ करने की घोषणा
सैन्यधाम/देहरादून_
कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते हुए उनके अद्वितीय त्याग, शौर्य और राष्ट्रसेवा को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के लिए अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ रुपये से बढ़ाकर ₹2 करोड़ की जाएगी। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है। विषम परिस्थितियों में भारतीय सैनिकों ने दुश्मन को परास्त कर विश्व के सामने भारत की सैन्य शक्ति का परिचय दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल युद्ध में देश के 527 वीर सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड के 75 वीर सपूत शामिल थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा नीति अधिक सशक्त और निर्णायक बनी है। वन रैंक-वन पेंशन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और सैनिक कल्याण से जुड़े अनेक ऐतिहासिक फैसलों से सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने शहीदों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख कर दी है। साथ ही वीरता पुरस्कार विजेताओं को मिलने वाली एकमुश्त और वार्षिक सहायता राशि में भी वृद्धि की गई है। उन्होंने बताया कि बलिदानी परिवारों के आश्रितों के सरकारी सेवा में समायोजन के लिए आवेदन की समय सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दी गई है। शहीद परिवारों की बेटियों के विवाह सहायता, वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा, संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में छूट और पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस की प्रक्रिया को भी सरल बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून के गुनियाल गांव में राज्य के ‘पांचवें धाम’ सैन्य धाम का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए देश का पहला ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ गठित किया जाएगा तथा पुलिस, वन विभाग और अन्य राज्य सेवाओं में उन्हें प्राथमिकता देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, डीएम डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल, पूर्व सैनिक, सैन्य अधिकारी और शहीदों के परिजन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



