
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
मतदाताओं के दस्तावेजों का तय समय पर हो सत्यापन: मुख्य निर्वाचन अधिकारी
देहरादून/उत्तराखंड _
प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के समयबद्ध सत्यापन को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी. वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में विभिन्न विभागों के निदेशकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए सुनवाई के दौरान मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि आयोग द्वारा निर्धारित 11 प्रकार के दस्तावेजों, जिनमें शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर प्रमुख हैं, का तय समय में सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर राज्य स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जाए, ताकि दस्तावेजों के सत्यापन में किसी प्रकार की देरी न हो।

दस्तावेजों के सत्यापन के लिए माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, राजस्व परिषद, शहरी विकास, स्वास्थ्य, पंचायतीराज विभाग और आईटीडीए के अधिकारियों को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य नोटिस की सुनवाई के दौरान मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का समयबद्ध सत्यापन कर मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



