Blogउत्तराखंडएक्शनजागरूक गोष्ठी/सम्मेलनराजनीति

Silver Jubilee celebration was organized in summer capital Gairsain, CM Dhami participated.

ग्रीष्म कालीन राजधानी गैरसैण में रजत जयंती समारोह का हुआ आयोजन, सीएम धामी ने की शिरकत, शहीद राज्य आंदोलनकारियों को याद कर दी श्रद्धांजलि।

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखण्ड के रजत जयंती के उपलक्ष्य में राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने गैरसैंण एवं आसपास के क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने हेतु मास्टर प्लान की डीपीआर तैयार कर कार्य करने की बात कही। साथ ही उन्होंने चौखुटिया, ज्योतिर्मठ और घनसाली को उड़ान योजना से जोड़ने की घोषणा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद की ₹142.25 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। जिनमें ₹43.63 करोड़ की 27 विकास योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹98.62 करोड़ की 33 विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने खेल, शिक्षा, कृषि और अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक पुलिस, होमगार्ड, महिला आरक्षी, फायर सर्विस तथा एनसीसी महिला दस्ते ने 46वीं वाहिनी पीएसी के बैंड की धुन पर शानदार रैतिक परेड का प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को उत्तराखण्ड स्थापना की रजत जयंती की बधाई देते हुए देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों तथा उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखण्ड के रजत जयंती के मुख्य कार्यक्रम में शिरकत कर राज्य का मान बढ़ाने का कार्य किया है। इस दौरान उन्होंने राज्य को ₹8,200 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी है और राज्य के विकास हेतु लक्ष्य भी निर्धारित किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तीर्थाटन विकास के लिए केदारखण्ड और मानसखण्ड में स्थित पौराणिक मंदिरों का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का भी भावपूर्ण स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गैरसैंण के विकास हेतु विभिन्न विकास योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। सारकोट गांव को गोद लेकर ग्रामीणों और विभागों के समन्वय से गांव को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही राज्य के समग्र विकास के लिए नई नीतियों और योजनाओं का नियोजन कर राज्य को विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। इसका परिणाम है कि उत्तराखण्ड राज्य आज देश की अनेक योजनाओं में अग्रणी राज्य के रूप में जाना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास दर में तेजी से वृद्धि हुई है और कृषकों की आय में बढ़ोत्तरी हो रही है। राज्य में बेरोजगारी में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। सतत विकास सूचकांक में उत्तराखण्ड को देश में प्रथम स्थान तथा मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट अवॉर्ड भी मिला है। केंद्र सरकार के सहयोग से बुनियादी ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य, हवाई एवं रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में राज्य निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर माला मिशन और साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहन देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की जा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त भू-कानून लागू किया गया है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के “लोकल टू ग्लोबल” मंत्र को साकार करने में राज्य ने अग्रणी भूमिका निभाई है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कर्णप्रयाग विधायक श्री अनिल नौटियाल, थराली विधायक श्री भूपाल राम टम्टा, रुद्रप्रयाग विधायक श्री भरत सिंह चौधरी, रानीखेत विधायक श्री प्रमोद नैनवाल, कपकोट विधायक श्री सुरेश गड़िया, रुड़की विधायक श्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दौलत सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष बीकेटीसी श्री ऋषि प्रसाद सती, दायित्वधारी श्री रामचंद्र गौड़, श्री हरक सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गजपाल बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष श्री गणेश शाह, श्री संदीप रावत, ब्लॉक प्रमुख गैरसैंण श्रीमती दुर्गा देवी, ग्राम प्रधान सारकोट सुश्री प्रियंका नेगी, पूर्व कर्णप्रयाग विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी श्री सुरेंद्र सिंह, भाजपा महामंत्री श्री अरुण मैठाणी, श्री विनोद कनवासी, जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button