The Aman Times
देहरादून ब्यूरो_
देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में एक युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में दून पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की बात को लेकर विवाद के दौरान उस पर हमला किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 7 मार्च 2026 को रायपुर रोड निवासी कृष्ण चंद्र वर्मा ने थाना क्लेमेंटाउन में तहरीर दी कि एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले युवक उदय सिंह उर्फ विशु (21) निवासी जागृति विहार, मेरठ ने उनकी पुत्री पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
तहरीर के आधार पर क्लेमेंटाउन थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दून अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है और ओगल भट्टा क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रहता था। युवती से उसकी मुलाकात सितंबर 2025 में संस्थान में हुई थी, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के किसी अन्य युवक से संपर्क की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आवेश में आकर उसने युवती पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके ओगल भट्टा स्थित कमरे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



