
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
बैसाखी पर सीएम धामी से सिख प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, हेमकुंड साहिब रोपवे पर चर्चा
देहरादून से बड़ी खबर हैं _
बैसाखी के पावन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पुष्कर सिंह धामी से सिख समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में हेमकुंट साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, उत्तराखण्ड किसान आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, जनसंख्या नियंत्रण समिति के अध्यक्ष दिनेश मानसेरा, विधायक सुरेश गड़िया सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक सरोपा भेंट कर सम्मानित किया और बैसाखी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सिख समुदाय के कल्याण, सम्मान और धार्मिक आस्था के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

उन्होंने विशेष रूप से हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्तावित रोपवे परियोजना को श्रद्धालुओं के लिए “मील का पत्थर” बताया। उनके अनुसार, इस परियोजना से कठिन पर्वतीय यात्रा आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा।

बिंद्रा ने “वीर बाल दिवस” के आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर मनाना सिख इतिहास के प्रति देश की आस्था को दर्शाता है।

उन्होंने नरेंद्र मोदी द्वारा अफगानिस्तान के कंधार से श्री गुरु ग्रंथ साहिब को भारत लाने को सिख समुदाय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए बैसाखी की शुभकामनाएं दीं और अपने बचपन की स्मृतियां साझा करते हुए नानकमत्ता साहिब से जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुरबाणी के संदेशों ने उन्हें जीवन में सत्य, सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समुदाय के सम्मान और सुविधा के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने राज्य में तेजी से हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार का भी उल्लेख किया।
हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना पर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यह लगभग ₹1700–₹1800 करोड़ की लागत से विकसित की जा रही है। आधुनिक तकनीक से लैस यह परियोजना पर्यावरण मानकों का पूरा ध्यान रखेगी।

उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार सिख श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सड़क, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।



