CM Pushkar Singh Dhami’s emphasis on Digital Empowerment Meet – a big step towards making Uttarakhand a digital, tourism and wedding hub.
डिजिटल एंपॉवरमेंट मीट पर सीएम पुष्कर सिंह धामी का जोर—उत्तराखंड को डिजिटल, पर्यटन और वेडिंग हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
डिजिटल एंपॉवरमेंट मीट पर सीएम पुष्कर सिंह धामी का जोर—उत्तराखंड को डिजिटल, पर्यटन और वेडिंग हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम
देहरादून:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल एंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन आज के समय की आवश्यकता हैं, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेक्नोलॉजी और साइंस जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा गहन मंथन किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मेलन से निकलने वाले सुझाव भविष्य में राज्य और देश के डिजिटल विकास को नई दिशा देंगे।
उन्होंने उत्तराखण्ड की सामरिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में हर वर्ष 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आते हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता के कारण पर्यटन, फिल्म शूटिंग और औद्योगिक निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन रहा है। राज्य में फिल्म उद्योग के विस्तार और निवेश की अपार संभावनाएं हैं, जिन पर सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। सुरम्य स्थल और आधुनिक सुविधाएं इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उपयुक्त बनाती हैं, और सरकार इस दिशा में आधारभूत संरचना को मजबूत कर रही है।
इस अवसर पर सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे सहित विभिन्न डाटा सेंटर कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।



