Chief Minister Dhami inaugurated Dhangadhi Bridge, traffic between Kumaon-Garhwal will become easier.
धनगढ़ी सेतु का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण, कुमाऊँ-गढ़वाल के बीच आवागमन होगा और सुगम.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
धनगढ़ी सेतु का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण, कुमाऊँ-गढ़वाल के बीच आवागमन होगा और सुगम
रामनगर/नैनीताल_
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 (पूर्व एनएच-121) पर धनगढ़ी नाले के ऊपर ₹29.65 करोड़ की लागत से निर्मित 220.90 मीटर लंबे प्री-स्ट्रेस्ड गर्डर सेतु का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।

यह सेतु काशीपुर-रामनगर-मार्चुला-बुवाखाल मार्ग पर स्थित है, जो कुमाऊँ और गढ़वाल मंडलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यह विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के साथ ही नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत और पौड़ी गढ़वाल समेत लाखों लोगों के आवागमन, व्यापार और पर्यटन के लिए बेहद अहम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान धनगढ़ी नाले में जलस्तर बढ़ने से मार्ग अक्सर बाधित हो जाता था, जिससे आमजन, पर्यटकों और आपातकालीन सेवाओं को परेशानी होती थी। नव निर्मित सेतु इस समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा और पूरे वर्ष सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि धनगढ़ी सेतु का लोकार्पण केवल एक पुल का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग और अपेक्षाओं की पूर्ति है। इस पुल से कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच संपर्क और मजबूत होगा, जिससे पर्यटन, व्यापार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि धनगढ़ी सेतु के निकट लगभग ₹18.43 करोड़ की लागत से निर्मित 175.60 मीटर लंबे पनौद पुल का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। वर्तमान में इस पुल पर यातायात शुरू हो चुका है और डामरीकरण का कार्य पूरा होने के बाद इसे भी जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सेवा, सुशासन और विकास” की भावना के साथ प्रदेश के हर क्षेत्र तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, पुल, रेल, रोपवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही रामनगर-रानीखेत मोटर मार्ग सहित अन्य प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जा चुके हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि धनगढ़ी सेतु के निर्माण से क्षेत्र में वर्षभर सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने गर्जिया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा नव निर्मित सेतु का पैदल निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


