Grand inauguration of three-day Uttarakhand Aadi Rangotsav in Khatima, CM Dhami danced with the artists.
खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखण्ड आदि रंगोत्सव का भव्य शुभारंभ, कलाकारों के साथ थिरके सीएम धामी.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो_
खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखण्ड आदि रंगोत्सव का भव्य शुभारंभ, कलाकारों के साथ थिरके सीएम धामी
खटीमा/उधम सिंह नगर _
खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखण्ड आदि रंगोत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर रंगोत्सव का उद्घाटन किया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय विरासत की समृद्ध झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू तथा केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम का पौधा एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। वहीं फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों को भी पौधा, भगवान हनुमान की गदा और नीब करौरी बाबा की तस्वीर भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

आदि रंगोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री धामी भी सांस्कृतिक रंग में नजर आए। उन्होंने जनजातीय कलाकारों के साथ थिरककर उनका उत्साह बढ़ाया और ढोल बजाकर जनजातीय संस्कृति के प्रति अपना जुड़ाव एवं सम्मान व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज से कार्यक्रम में मौजूद लोगों और कलाकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।

‘आदि रंगोत्सव संस्कृति और जनजातीय गौरव का उत्सव’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि रंगोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और जनजातीय समाज के गौरव का उत्सव है। ऐसे आयोजन विभिन्न जनजातीय समुदायों की विशिष्ट विरासत को देश-दुनिया के सामने लाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण एवं विस्तार के लिए ₹10 करोड़ की घोषणा करने पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम का आभार जताया। साथ ही पिथौरागढ़ क्षेत्र में एक आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित किए जाने का अनुरोध भी केंद्रीय मंत्रियों से किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा अपने आप में ‘मिनी इंडिया’ है, जहां विभिन्न समुदायों की संस्कृति और परंपराओं के अनेक रंग एक साथ दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
आवास और शिक्षा पर सरकार का फोकस
सीएम धामी ने बताया कि अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाया गया है और आवास निर्माण की लागत में भी वृद्धि की गई है। ऊधम सिंह नगर जिले में इस योजना के तहत ₹3 करोड़ से अधिक की सहायता प्रदान की गई है।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत इस वर्ष प्राप्त आवास संबंधी आवेदनों में करीब 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय समाज के परिवारों के हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 824 और द्वितीय चरण में 101 आवासों का निर्माण किया जा चुका है।

शिक्षा के क्षेत्र में आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई संस्थानों के विकास के लिए भी सरकार द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। बाजपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। ₹16 करोड़ से अधिक की लागत से विद्यालय निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि बालिका छात्रावास के लिए ₹4 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। थारू राजकीय इंटर कॉलेज के सौंदर्यीकरण एवं आधुनिकीकरण का कार्य भी किया जा रहा है।
एवरेस्ट विजेताओं को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा निवासी टीला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों ने अपनी उपलब्धि से थारू समाज के साथ-साथ पूरे उत्तराखण्ड का मान बढ़ाया है और उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जनजातीय समाज को रोजगार और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। जनजातीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने, उनके विपणन को बढ़ावा देने तथा रिवॉल्विंग फंड और निवेश सहायता के माध्यम से समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत वर्ष 2020 से 2025 तक ₹10 करोड़ से अधिक की विभिन्न योजनाएं धरातल पर उतारी जा चुकी हैं।



