Blogउत्तराखंडएक्शनक्राइम

Encounter between police and miscreants late night in Dehradun, two miscreants shot in the leg.

देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली.

The Aman Times

देहरादून ब्यूरो _

# देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

**फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक पर सवार होकर जा रहे थे दोनों युवक, पुलिस पर की फायरिंग; दो पिस्टल बरामद**

देहरादून/उत्तराखंड

 

राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार चेकिंग पॉइंट पर नहीं रुके और बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस की गाड़ी भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, बदमाशों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे रविवार रात भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का हरिद्वार और देहरादून में आपराधिक इतिहास रहा है। समीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि शहजाद पर भी कई आपराधिक मुकदमे हैं। दोनों के खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है और वे कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपियों के उपचार एवं घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

The Aman Times | देहरादून

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button