
The Aman Times
उत्तराखण्ड ब्यूरो_
देहरादून में 5 से 8 फरवरी तक होगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026, प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा हुई रूपरेखा
देहरादून से खबर हैं _
उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को समर्पित उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 के आयोजन को लेकर आज प्रेस क्लब, देहरादून में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा, उद्देश्य एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी मीडिया के माध्यम से साझा की गई।

आयोजकों ने बताया कि यह चार दिवसीय भव्य सांस्कृतिक महोत्सव 05 से 08 फरवरी 2026 तक परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, पारंपरिक शिल्प और लोकजीवन को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना है।

महोत्सव के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को ‘नंदाशिखर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही राज्य के 13 जनपदों से आए कारीगरों, शिल्पकारों, किसानों, लोक कलाकारों एवं स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों और प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया जाएगा।

आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ की भावना को मजबूती देने का एक सार्थक प्रयास है, जिससे हमारी सांस्कृतिक जड़ों को आने वाली पीढ़ियों से जोड़ा जा सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उपस्थित सभी पत्रकारों को महोत्सव में सादर आमंत्रित किया गया और उनसे आग्रह किया गया कि वे इस भव्य आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की लोकविरासत को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

अंत में देवभूमि उत्तराखंड की समस्त जनता एवं संस्कृति प्रेमियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 का हिस्सा बनें और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को जीवंत बनाए रखने में सहभागी बनें।



