
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
सीएम धामी ने पत्नी संग देखी ‘हनुमान अंश’, नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरणा लेने का दिया संदेश
देहरादून/उत्तराखंड _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी के साथ प्रसिद्ध संत एवं आध्यात्मिक विभूति श्री नीम करौली बाबा के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। नीम करौली बाबा का कैंची धाम आज विश्वभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि संतों के जीवन और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्मों से समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म हिंदी भाषा में 7 अगस्त 2026 को देशभर में रिलीज हुई थी।



