
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
देहरादून में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, मतदाताओं से लिया फीडबैक
देहरादून।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के सारथी विहार में सुपर चैकिंग के अंतर्गत स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित दस्तावेजों की जांच की और मतदाताओं से बातचीत कर पुनरीक्षण अभियान को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने पाया कि बीएलओ और ईआरओ स्तर पर फार्म-7 का विधिवत निस्तारण किया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान में जुटे फील्ड स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर सभी बीएलओ पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि अंतिम प्रकाशन के बाद सभी मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह सहित बीएलओ एवं अन्य कार्मिक मौजूद रहे।



