
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 23 वरिष्ठ नागरिक सम्मानित, 9,93,886 पेंशनरों को ₹147.34 करोड़ की पेंशन जारी
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला, देहरादून में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का शुभारंभ किया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। वहीं निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित पांच छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वन क्लिक के माध्यम से सितंबर माह की पेंशन राशि का भुगतान किया। इसके तहत प्रदेश के 9,93,886 पेंशनरों को ₹147 करोड़ 34 लाख 53 हजार की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को वरिष्ठजनों के कल्याण की शपथ भी दिलाई। इसके बाद उन्होंने परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।

वरिष्ठजन परिवार के सुरक्षा कवच : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठजनों का स्वागत करते हुए अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के सानिध्य में परिवार स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है। बच्चों को संस्कार और जीवन के आदर्श वरिष्ठजनों से ही सीखने को मिलते हैं।

उन्होंने कहा कि वृद्धजन परिवार के सुरक्षा कवच होते हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से परिवार में अनुशासन एवं संस्कार कायम रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रदेश के मुख्य सेवक होने के साथ-साथ प्रदेश के बेटे भी हैं। उत्तराखंड के प्रत्येक वरिष्ठजन का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।

पति-पत्नी दोनों को मिल रही अलग-अलग पेंशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह ₹1,500 की पेंशन प्रदान कर रही है। इसमें पति और पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश के 9 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।
वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को किया जा रहा मजबूत
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं। वहीं देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए वृद्धाश्रमों का निर्माण कराया जा रहा है।
इसके अलावा हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में गैर-सरकारी संगठनों द्वारा भी वृद्धाश्रम संचालित किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम लागू किया गया है। साथ ही दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के माध्यम से वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क तीर्थ यात्रा की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वरिष्ठजनों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से निःशुल्क उपचार की सुविधा का लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी राम चंद्र गौड़, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, निदेशक संजय कुमार, निदेशक जनजाति कल्याण संजय सिंह टोलिया, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, पूजा नेगी, हेमलता पाण्डेय, गोरधन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



