Chief Secretary Anand Bardhan reviews with NITI Aayog team, discusses strengthening of health services.
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नीति आयोग टीम संग की समीक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर चर्चा.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
उत्तराखण्ड के विकास और स्वास्थ्य क्षेत्र पर नीति आयोग के साथ मंथन, मुख्य सचिव ने तकनीकी सहयोग पर दिया जोर
देहरादून से बड़ी खबर है _
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय सभागार में उत्तराखण्ड दौरे पर आए नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास एवं उनकी टीम का स्वागत किया। बैठक में राज्य की प्रगति, आर्थिक विकास और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने राज्य की प्रगति का प्रस्तुतीकरण दिया, जबकि नीति आयोग की सलाहकार एवं कार्यक्रम निदेशक डॉ. सोनिया पंत ने प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियों और आर्थिक रूपरेखा से अवगत कराया।

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखण्ड ने आर्थिक विकास, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखण्ड ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की रोकथाम, टेलीमेडिसिन, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और क्षमता निर्माण के लिए नीति आयोग से निरंतर तकनीकी सहयोग की आवश्यकता जताई। साथ ही हिमालयी क्षेत्रों से जुड़े स्वास्थ्य अनुसंधान के लिए एम्स एवं अन्य उत्कृष्ट संस्थानों को नॉलेज पार्टनर बनाने का सुझाव भी दिया।

इस अवसर पर डॉ. एम. श्रीनिवास ने कहा कि उत्तराखण्ड स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव और टीबी उपचार जैसे संकेतकों में और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत स्वास्थ्य ढांचे को और सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा सहित शासन और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



