
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
हरिद्वार में मुख्यमंत्री धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा, चरण प्रक्षालन कर किया सम्मानित
हरिद्वार से बड़ी खबर है _
धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।

अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पांच शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया और स्वयं भोजन परोसकर सेवा भाव का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन भी किया तथा वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का महापर्व है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। साथ ही पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पर्यावरण मित्रों, स्वच्छता कर्मियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ियों की उपस्थिति रही।



