
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
BLO और फील्ड स्टाफ को प्रोत्साहित करें जिलाधिकारी : मुख्य निर्वाचन अधिकारी
SIR अभियान की समीक्षा बैठक में सीईओ ने दिए अधिकारियों को अहम निर्देश, मतदाताओं से निरंतर संवाद पर जोर.
देहरादून/उत्तराखंड _
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शनिवार को कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल के आयुक्तों सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा की।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और फील्ड स्टाफ पूरी मेहनत से कार्य कर रहे हैं, इसलिए जिलाधिकारी एवं अधिकारी उन्हें प्रोत्साहित करें।

️ बारिश प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निर्देश
सीईओ ने कहा कि जिन क्षेत्रों में बारिश के कारण आवाजाही प्रभावित है, वहां विसंगति वाले मामलों में BLO मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर अपने स्तर पर रिपोर्ट तैयार करें, ताकि कार्रवाई में अनावश्यक देरी न हो।

वहीं, अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई के लिए ERO/AERO को सुविधाजनक रणनीति बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
️ मतदाताओं से निरंतर संवाद करें अधिकारी
समीक्षा के दौरान सभी जिलों में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली गई। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं फील्ड में जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित करें, जिससे SIR प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या भ्रम की स्थिति न रहे।

देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को नोटिसों की सुनवाई के लिए और अधिक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्तों को लगातार फील्ड विजिट के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत एवं गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप द्वारा हाल में किए गए जनपद भ्रमण का फीडबैक भी लिया। दोनों मंडलायुक्तों को निरंतर फील्ड विजिट करते रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, दोनों मंडलायुक्त एवं सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।



