
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा, 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
रुद्रप्रयाग/रुद्रप्रयाग_
केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय और आईजी राजीव स्वरूप ने जिला कार्यालय सभागार रुद्रप्रयाग में समीक्षा बैठक आयोजित की।

बैठक में नोडल अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ यात्रा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जानकारी दी कि अब तक 3 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। 31 हजार से अधिक यात्रियों को चिकित्सा सुविधाएं दी गई हैं, जबकि 11 हजार से अधिक श्रद्धालु हेली सेवाओं का लाभ ले चुके हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रा कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। गैस सिलेंडर, चिकित्सा सेवाएं, बिजली, पेयजल, सोलर लाइट और शटल सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं। 8 हजार से अधिक घोड़ा-खच्चरों का पंजीकरण और बीमा किया गया है, साथ ही म्यूल टास्क फोर्स भी तैनात है।
यात्रा मार्ग पर शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है और गौरीकुंड स्थित तप्तकुंड में महिला एवं पुरुषों के लिए चेंजिंग रूम उपलब्ध कराए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने ट्रैफिक, पार्किंग और आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

आयुक्त ने साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शौचालयों की नियमित सफाई, पर्याप्त कार्मिकों की तैनाती और रेंडम चेकिंग के निर्देश दिए। साथ ही भ्रामक खबरों पर रोक लगाने के लिए मॉनिटरिंग और त्वरित आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी करने को कहा।
हेली सेवाओं में तय दरों पर ही टिकट बिक्री सुनिश्चित करने और मनमानी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। सोनप्रयाग में भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्लान लागू किया जाएगा।
विधायक आशा नौटियाल ने क्षेत्रीय समस्याएं उठाते हुए सड़क, पार्किंग, शौचालय और साइन बोर्ड की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
आयुक्त ने बताया कि ऋषिकेश से रुद्रप्रयाग तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया गया, जिसमें अधिकांश स्थानों पर स्थिति संतोषजनक पाई गई। वहीं, केदारनाथ धाम में अग्नि सुरक्षा के लिए ₹5 लाख की धनराशि आवंटित की गई है।
रात्रि प्रतिबंध लागू
सुरक्षा के दृष्टिगत रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्ग पर यात्री आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
❗ VIP दर्शन पर रोक
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में VIP दर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
️ मौसम पर नजर
मौसम प्रतिकूल होने पर यात्रा को अस्थायी रूप से रोका जा सकता है। आवश्यकतानुसार 2–3 घंटे के लिए यात्रा रोके जाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



