
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
चारधाम और हेमकुंड यात्रा को लेकर सरकार सख्त, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
देहरादून/ उत्तराखंड_
:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को चारधाम यात्रा और श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में सदैव “अतिथि देवो भवः” की परंपरा रही है और यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु व पर्यटक की सुरक्षा एवं सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कर्णप्रयाग और नगरासू में हाल में सामने आई घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में किसी भी धर्म, आस्था, व्यक्ति की गरिमा या सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियां किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएंगी। संवाद, सद्भाव और आपसी विश्वास ही समस्याओं के समाधान का आधार हैं।

बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी तथा श्री हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा के साथ मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, अपर मुख्य सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव गृह श्री शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, सचिव श्री विनय शंकर पाण्डेय, डीजी अभिसूचना एवं सुरक्षा श्री अभिनव कुमार, आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी तथा अपर सचिव श्रीमती तृप्ति भट्ट उपस्थित थे।



