
11 हजार युवाओं को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, CM धामी ने शुरू की ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’
देहरादून/उत्तराखंड _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के राजकीय एवं शासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा राज्य विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मेहनत के साथ सही दिशा, बेहतर रणनीति, अच्छे शिक्षकों का मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास जरूरी है।

सीएम धामी ने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली युवा आर्थिक परिस्थितियों और संसाधनों की कमी के कारण अच्छे कोचिंग संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक तंगी या संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों में बाधा न बने।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू कर चुकी है। उनके अनुसार, बीते पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित रखना नहीं है। युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास और उद्यमिता के माध्यम से नौकरी देने वाला बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य में अलग ‘युवा आयोग’ बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों और भविष्य के लक्ष्यों की जानकारी ली।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने योजना को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग एवं मार्गदर्शन मिल सकेगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



