
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
केदारनाथ धाम में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती, सीएम धामी ने किया हॉस्पिटल का उद्घाटन।।
केदारनाथ/उत्तराखंड_
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) हॉस्पिटल का विधिवत लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त यह अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा।

उन्होंने बताया कि केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखण्ड, समृद्ध उत्तराखण्ड” के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक लगभग 61 लाख कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार मिल रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। कार्यक्रम में विधायक आशा नौटियाल, BPCL के CMD संजय खन्ना, डॉ. कृष्ण गोपाल, हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, एसपी निहारिका तोमर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




