Blogउत्तराखंडएक्शनजन जागरूक कार्यक्रमराजनीति

Narendra Modi starts nationwide HPV vaccination campaign from Ajmer, Pushkar Singh Dhami associated with Haldwani.

Narendra Modi ने अजमेर से शुरू किया देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान, हल्द्वानी से जुड़े Pushkar Singh Dhami.

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

 

Narendra Modi ने अजमेर से शुरू किया देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान, हल्द्वानी से जुड़े Pushkar Singh Dhami

 

देहरादून/हल्द्वानी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष तक की किशोरियों के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।

मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें टीके के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।

 

1.15 करोड़ किशोरियों को मिलेगा लाभ

 

प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए इस अभियान के तहत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख से अधिक किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखण्ड में प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर टीकाकरण की व्यापक व्यवस्था की गई है। अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है तथा कोल्ड-चेन प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है।

सर्वाइकल कैंसर गंभीर चुनौती

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 में देश में सर्वाइकल कैंसर के 78 हजार से अधिक मामले सामने आए और 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई। ऐसे में एचपीवी टीकाकरण इस बीमारी की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम है, जिससे आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा विस्तार

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 819 हो गई है। 23 नए एम्स स्थापित कर चिकित्सा अवसंरचना को मजबूती दी गई है। आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है।

 

उत्तराखण्ड में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। राज्य में पाँच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और दो नए कॉलेज निर्माणाधीन हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएँ शुरू की गई हैं। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण भी प्रगति पर है। साथ ही राज्य में हेली एंबुलेंस और टेलीमेडिसिन सेवाएँ भी संचालित की जा रही हैं।

अफवाहों से दूर रहें: मुख्यमंत्री

 

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या भ्रम में न आएँ और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएँ। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया, ताकि कोई भी बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।

 

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button