
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
उत्तराखण्ड में सोमवार से शुरू होगा मतदाता गणना फार्म वितरण अभियान, BLO घर-घर पहुंचाएंगे फार्म
7 जुलाई तक चलेगा अभियान, ECI-Net ऐप और ‘बुक ए कॉल विद BLO’ फीचर से भी मिलेगी सुविधा
देहरादून/उत्तराखंड_
उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेशभर में मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) को सहयोग करने की अपील की है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 BLOs को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और अब यह फार्म घर-घर पहुंचाए जाएंगे। इस अभियान के तहत आगामी 7 जुलाई तक एक महीने के भीतर BLO द्वारा प्राप्त फार्मों को BLO App के माध्यम से डिजिटलाइज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर के जरिए अपने BLO से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता वोटर पोर्टल या ECI-Net मोबाइल एप के माध्यम से कॉल बुक कर सकते हैं, जिसके बाद दो दिन के भीतर BLO स्वयं संपर्क करेंगे।
सीईओ ने बताया कि यदि BLO क्षेत्र भ्रमण के दौरान मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो BLO तीन बार घर पहुंचेंगे और घर पर स्टीकर लगाकर अगली विजिट की जानकारी व मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराएंगे, जिससे मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर फार्म भर सकें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से गणना फार्म के साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो भी उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ECI-Net एप के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड, भरकर अपलोड कर सकते हैं। वहीं नए पात्र मतदाता अपना नाम जोड़ने के लिए BLO से संपर्क कर फार्म-6 भी भर सकते हैं।



