DM Dr. Ashish Chauhan reached Ground Zero, inspected voter list revision campaign.
ग्राउंड जीरो पर पहुंचे डीएम डॉ. आशीष चौहान, मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का किया निरीक्षण.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
ग्राउंड जीरो पर पहुंचे डीएम डॉ. आशीष चौहान, मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का किया निरीक्षण
देहरादून/उत्तराखंड _
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान मंगलवार को स्वयं अजबपुर कलां क्षेत्र पहुंचे।

उन्होंने बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर नोटिस वितरण की प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया और पूरी कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्थानीय निवासी के घर पहुंचकर बीएलओ द्वारा नाम संबंधी विसंगति पर नोटिस देने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने की प्रक्रिया देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ के लिए स्पष्ट फ्लोचार्ट और चेकलिस्ट तैयार कर तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि अभियान पूरी तरह त्रुटिरहित ढंग से संचालित हो सके।

जिले में 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार 11.90 लाख से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं वर्ष 2003 एवं 2026 की मतदाता सूचियों से मिलान न होने या विवरण अधूरा होने के कारण 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस दिए जा रहे हैं। बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस तामील करेंगे और इसकी फोटो निर्वाचन आयोग के निर्धारित ऐप पर अपलोड करेंगे।

डीएम ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप तय समयसीमा में पूरी सावधानी के साथ पुनरीक्षण कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए।



