
The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा: सीएम धामी ने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को दिखाई हरी झंडी
देहरादून/उत्तराखंड _
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत 6 प्राथमिक लाभार्थी वाहन स्वामियों को पूंजीगत अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक वितरित किए।

साथ ही 5 अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी होने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को फ्लैग ऑफ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नीति के माध्यम से डीजल चालित वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और सीएनजी व अन्य स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार कर रही है तथा प्रदेशभर में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही रोप-वे और आधुनिक अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम विकसित कर यातायात को अधिक सुगम, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत उत्तराखण्ड ने 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्रों का प्रारंभिक लक्ष्य समय से पहले हासिल कर लिया है और कुल लक्ष्य का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को हरित विकास और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव परिवहन रविनाथ रमन सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।



