Review of SIR campaign, DM should remain in the field for three weeks: Chief Electoral Officer
एसआईआर अभियान की समीक्षा, डीएम तीन सप्ताह फील्ड में रहें: मुख्य निर्वाचन अधिकारी.

The Aman Times
उत्तराखंड ब्यूरो _
एसआईआर अभियान की समीक्षा, डीएम तीन सप्ताह फील्ड में रहें: मुख्य निर्वाचन अधिकारी
देहरादून/उत्तराखंड _
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत नोटिस और सुनवाई प्रक्रिया को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर समीक्षा की। इस दौरान अभियान को प्रभावी और मतदाता हितैषी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले तीन सप्ताह वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सुनवाई प्रक्रिया पर पूरा फोकस रखें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों की बैठक के अलावा अधिकारी कार्यालयों में कम और फील्ड में अधिक समय बिताएं तथा जनता के बीच रहकर अभियान की निगरानी करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई मतदाता पहली सुनवाई में उपस्थित नहीं हो पाता है तो उसे पर्याप्त समय देते हुए दूसरी तारीख दी जाए, ताकि किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो।

सभी जिलाधिकारियों को सप्ताह में दो बार राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए। मान्यता प्राप्त दलों के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों के सुझाव भी शामिल करने को कहा गया है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए 100 से अधिक नोटिस वाले बूथों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का ने क्लस्टर स्तर पर बीएलओ और सुपरवाइजरों का नियमित प्रशिक्षण जारी रखने को कहा। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।



