Blogउत्तराखंडजन जागरूक कार्यक्रमपर्यटनमनोरंजनयूथराजनीतिशिक्षा

CM Dhami said in ‘Chief Minister Yuva Vidyarthi Manthan’ in Rudrapur – Developed Uttarakhand will be built by the dreams of youth.

रुद्रपुर में ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ में बोले सीएम धामी- युवाओं के सपनों से बनेगा विकसित उत्तराखण्ड.

The Aman Times

उत्तराखंड ब्यूरो _

रुद्रपुर में ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ में बोले सीएम धामी- युवाओं के सपनों से बनेगा विकसित उत्तराखण्ड

रुद्रपुर/उत्तराखंड _

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर स्थित एक निजी विद्यालय में ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ विषय पर आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 800 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से संवाद कर उनके विचार, सुझाव और भविष्य के उत्तराखण्ड को लेकर उनकी परिकल्पनाएं जानीं।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखण्ड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

युवाओं को रोजगार और कौशल के बेहतर अवसर देने पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखण्ड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखण्ड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, नवाचार, कौशल विकास, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीक सहित प्रत्येक क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है। युवा शक्ति उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी ताकत है और उनकी प्रतिभा को अवसर देकर आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण किया जाएगा।

2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भेजे अपने विचार

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ प्रतियोगिता को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विचार उत्तराखण्ड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी सोच और संकल्प को दर्शाते हैं।

 

उन्होंने निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड पर्यटन, विकास, नवाचार तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा नई नीतियां लागू की गई हैं।

देहरादून में देश की 5वीं सबसे बड़ी साइंस सिटी

विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने की बात कहते हुए सीएम धामी ने कहा कि देहरादून में देश की 5वीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य राज्य के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश और दुनिया में नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराना है।

हर क्षेत्र में नेतृत्व जरूरी

मुख्यमंत्री ने नेतृत्व क्षमता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति अपने क्षेत्र के सच्चे लीडर होते हैं।

उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़कर देश और राज्य के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही सभी को रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग और जागरूक है। विद्यार्थियों के सपनों, सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को विकास की दिशा से जोड़कर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण किया जाएगा।

कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

The Aman Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button